इंटर रिजल्ट अपडेट भास्कर पर आज सबसे तेज:3 बजे शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी घोषित करेंगे बिहार के 13.50 लाख परीक्षार्थियों का रिजल्ट
- इंटरमीडिएट परीक्षा 2021 के लिए 13.50 लाख छात्रों ने कराया था रजिस्ट्रेशन, प्रदेश के 1473 केंद्रों पर हुई थी परीक्षा
- कोरोना काल में बिहार बोर्ड के लिए परीक्षा कराना थी बड़ी चुनौती
आज दोपहर 3 बजे बिहार विद्यालय परीक्षा समिति इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम घोषित करेगा। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। भास्कर ने सबसे पहले बुधवार को टॉपर्स रिव्यू की जानकारी दी थी और अब शुक्रवार को सबसे पहले अपडेट यहीं मिलेगा। बिहार के 1473 परीक्षा केंद्रों पर 1 से 13 फरवरी तक 13.50 लाख परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। इन परीक्षार्थियों के भाग्य का फैसला शुक्रवार को शिक्षा मंत्री विजय चौधरी की घोषणा के साथ होगा। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि कोरोना काल में इतनी बड़ी संख्या में छात्रों का परीक्षा कराना काफी चुनौतीपूर्ण काम था लेकिन इसे सख्ती और कोरोना की गाइडलाइन के साथ संपन्न कराया गया।
13,50,233 छात्रों ने कराया था रजिस्ट्रेशन
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की इंटरमीडिएट परीक्षा 2021 के लिए कुल 13,50,233 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इसमें 7,03,693 छात्र तथा 6,46,540 छात्राएं शामिल रहीं। बिहार बोर्ड का कहना है कि काफी कड़ाई के साथ परीक्षा कराई गई है। कोरोना काल में परीक्षा होने के कारण भी कहीं से कोई अव्यवस्था नहीं होने पाई है। इसमे प्रदेश के सभी जिलों के DM और SSP के साथ SP के साथ जिला शिक्षा पदाधिकारियों ने काफी बेहतर प्रयास किया है। जिम्मेदारों के विशेष योगदान से बिहार बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा 2021 ऐतिहासिक बनी। इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा के लिए पटना में कुल 84 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इसमें शामिल होने के लिए 80882 छात्रों ने परीक्षा फार्म भरा था, जिसमें 39,093 छात्राएं और 41,789 छात्र शामिल थे।

0 Comments